हरियाणा

Hisar: विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और मेहनत की सीख

Admindelhi1
12 Feb 2026 6:19 PM IST
Hisar: विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन और मेहनत की सीख
x

हिसार: लाला लाजपत राय पशु-चिकित्सा एवं पशु-विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), में बीवीएससी एवं एएच प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के स्वागत के लिए द्वितीय वर्ष के विद्यार्थियों द्वारा प्रतिभा खोज कार्यक्रम ‘परिकल्प–2025’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य नवागंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक व सांस्कृतिक वातावरण से परिचित कराना तथा उनकी छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना रहा।

कार्यक्रम के दौरान गुरुवार काे प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वेटरनरी सभागार को विद्यार्थियों द्वारा अत्यंत आकर्षक एवं रचनात्मक ढंग से सजाया गया। रंग-बिरंगी रंगोलियों, सुसज्जित गुब्बारों, पुष्पमालाओं एवं हस्तनिर्मित सजावटी सामग्री से सभागार का वातावरण अत्यंत मनोहारी एवं उत्सवमय दिखाई दिया। विशेष बात यह रही कि सजावट का अधिकांश कार्य विद्यार्थियों ने स्वयं अपने परिश्रम, कल्पनाशीलता एवं टीमवर्क से किया, जिससे उनकी सृजनात्मक सोच और समर्पण भाव स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।

प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास पूर्ण एवं रोचक शैली में अपना परिचय देकर कार्यक्रम में समा बांध दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल अकादमिक ज्ञान तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार होता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा को उनकी पेंसिल स्केच से तैयार की गई एक आकर्षक एवं कलात्मक फोटो फ्रेम भेंट की गई। विद्यार्थियों की इस रचनात्मक भेंट ने सभी को प्रभावित किया। कुलपति ने विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा की सराहना करते हुए इसे उनके स्नेह, सम्मान एवं सृजनात्मक सोच का प्रतीक बताया। इस अवसर पर पशु चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. मनोज रोज ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि लुवास के प्रत्येक वार्षिक फ्रेशर कार्यक्रम की तरह इस बार भी विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक विरासत एवं रचनात्मकता की शानदार प्रस्तुति दी है।

कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन सांस्कृतिक एवं साहित्यिक क्लब, लुवास द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. तरुण गुप्ता, डॉ. दिव्या अग्निहोत्री, डॉ. विशाल, डॉ. मानसिंह, डॉ. दीपिका एवं डॉ. स्नेहलता के मार्गदर्शन में चतुर्थ वर्ष के विद्यार्थी अमन कलकल एवं अन्य विद्यार्थियों द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया।

Next Story