हरियाणा

हिसार एसटीएफ ने दबोचा लंबे समय से फरार पांच लाख का इनामी

Admindelhi1
3 Oct 2026 2:36 PM IST
हिसार एसटीएफ ने दबोचा लंबे समय से फरार पांच लाख का इनामी
x
हिसार एसटीएफ के हाथ बड़ी कामयाबी, पांच लाख का इनामी पकड़ा

हिसार: हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांच लाख रुपये के इनामी मोस्ट वांटेड आरोपी को गिरफ्तार किया है। हिसार एसटीएफ की टीम ने विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को शुक्रवार की रात हिसार के राजगढ़ रोड स्थित बाईपास फ्लाईओवर के पास से काबू किया है।

आरोपी पंजाब के अबोहर में शोरूम संचालक की हत्या के मामले में वांछित था और पंजाब पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तार आरोपी पंजाब के राजीव नगर का निवासी है।

एसटीएफ टीम ने उसके कब्जे से 32 बोर की एक अवैध पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। बरामदगी के संबंध में थाना आजाद नगर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अबोहर के न्यू वेयरवेल शोरूम के संचालक संजय वर्मा की हत्या के मामले में भी वांछित था। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर शोरूम के बाहर संजय वर्मा की हत्या की थी। इस संबंध में थाना सिटी-1, अबोहर में सात जुलाई 2025 को हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।

एसटीएफ आरोपी से पूछताछ कर रही है। पुलिस उसकी अन्य आपराधिक गतिविधियों, संभावित संलिप्तता और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है, ताकि उसके आपराधिक नेटवर्क और अन्य मामलों में भूमिका का पता लगाया जा सके।

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि हरियाणा पुलिस संगठित अपराध, गंभीर मामलों में वांछित आरोपियों और फरार अपराधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराज्यीय पुलिस समन्वय मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।

Next Story