हरियाणा

Hisar: भाजपा के भर्ती दावों को सिहाग ने बताया खोखला

Admindelhi1
23 Jun 2026 8:46 AM IST
Hisar: भाजपा के भर्ती दावों को सिहाग ने बताया खोखला
x
सरकार के दावों और हकीकत में अंतर: सिहाग

हिसार: कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता एडवोकेट योगेश सिहाग ने आरोप लगाया है कि कुरुक्षेत्र के भाजपा जिलाध्यक्ष पर होमगार्ड के पद पर दोबारा नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने के आरोपों ने भाजपा सरकार के ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ के दावों की वास्तविकता उजागर कर दी है।

सोमवार को जारी बयान में योगेश सिहाग ने कहा कि भाजपा लंबे समय से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता का दावा करती रही है, लेकिन ऐसे आरोप उसकी कथनी और करनी के बीच अंतर को सामने लाते हैं। उन्होंने कहा कि यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वे स्वयं होमगार्ड भर्ती में कथित अनियमितताओं का मुद्दा सरकार के समक्ष उठा चुके हैं, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई।

सिहाग ने कहा कि बाद में अदालत के हस्तक्षेप के बाद होमगार्डों की नियुक्तियां हुईं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल मौजूद हैं। उन्होंने मांग की कि यदि वर्तमान आरोप सही पाए जाते हैं तो मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा पहले से ही बेरोजगारी और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी की समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने जैसे आरोप युवाओं के भरोसे को और कमजोर करते हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा सरकार से इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने और भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में रोजगार और भर्ती से जुड़े कई विवाद सामने आए हैं, जिससे युवाओं में निराशा का माहौल बना है।

सिहाग ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और रोजगार संबंधी मामलों में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग करती रहेगी।

Next Story