Hisar: राष्ट्रीय डैडलिफ्ट प्रतियोगिता में शिंपा टुटेजा ने हासिल किया कांस्य

हिसार: महाराष्ट्र के औरंगाबाद में हाल ही में हुई छह दिवसीय राष्ट्रीय पावर लिफ्टिंग डैडलिफ्ट प्रतियोगिता में हिसार की शिंपा टुटेजा ने हरियाणा का प्रतिनिधित्व करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर अपना और हरियाणा प्रदेश का नाम देशभर में रोशन किया है।
इस उपलब्धि पर अखिल भारतीय सेवा संघ की महिला शाखा की ओर से राष्ट्रीय महिला प्रमुख सुधा कांत, प्रांतीय महिला प्रमुख सुरुचि असीजा, अध्यक्ष सुनैना नागपाल, सचिव अंजलि भाटिया एवं कोषाध्यक्ष स्वाति ढींगड़ा ने बुधवार को महिला शाखा की सक्रिय सदस्य शिम्पा टुटेजा को पावर लिफ्टिंग डैडलिफ्ट में राष्ट्रीय कांस्य पदक जीतने पर उनके निवास पर जाकर स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सभी पदाधिकारियों ने शिंपा टुटेजा को उनकी शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे संगठन एवं हिसार के लिए गर्व का विषय है और इससे अन्य बेटियों एवं महिलाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
राष्ट्रीय कांस्य पदक विजेता शिम्पा टुटेजा ने संघ द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया है।





