Hisar: स्कॉर्पियो से कुचलकर शिफ्ट इंचार्ज की मौत, जांच में जुटी पुलिस

हिसार: बरवाला थाना क्षेत्र स्थित बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर हुए विवाद में टोल शिफ्ट इंचार्ज की कथित तौर पर स्कॉर्पियो वाहन से कुचलकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय संजय शुक्ला के रूप में हुई है। घटना के बाद टोल प्लाजा पर तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही बरवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात करीब पौने दो बजे एक काले रंग की स्कॉर्पियो बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर पहुंची, जिसमें चार युवक सवार थे। टोल कर्मियों ने वाहन से 130 रुपये टोल शुल्क मांगा, लेकिन युवकों ने स्वयं को स्थानीय निवासी बताते हुए टोल देने से इनकार कर दिया।
बताया जा रहा है कि टोल शिफ्ट इंचार्ज संजय शुक्ला ने उनसे पहचान पत्र दिखाने को कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर संजय शुक्ला वाहन के सामने खड़े होकर उसे रोकने का प्रयास करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान स्कॉर्पियो चालक ने उन्हें टक्कर मारकर गिरा दिया और फिर वाहन को पीछे लेकर दोबारा उनके ऊपर चढ़ा दिया। घटना के बाद आरोपी वाहन सहित हिसार की ओर फरार हो गए।
गंभीर रूप से घायल संजय शुक्ला को उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना से संबंधित एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक स्वयं को गांव बहबलपुर का निवासी बताते हुए बिना टोल शुल्क दिए निकलने की बात करते सुनाई दे रहे हैं।
पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है तथा एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
उधर, मृतक के परिजनों ने कंपनी से 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि जब तक मुआवजा, पीएफ और अन्य देय लाभ नहीं दिए जाते, तब तक वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





