Hisar: सात बाइक चोरी की वारदातों का खुलासा, पुलिस ने सभी चोरीशुदा बाइक बरामद कीं

हिसार: अग्रोहा अस्पताल से बाइक चोरी के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर हिसार और जींद जिलों से चोरी की गई सात बाइक बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपी ने बाइक चोरी की सात वारदातों में संलिप्तता कबूल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हांसी क्षेत्र के गामड़ा गांव निवासी विजय के रूप में हुई है। अग्रोहा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर ईश्वर सिंह ने सोमवार को बताया कि 28 अगस्त को कुलेरी निवासी दलबीर ने शिकायत दी थी कि उसकी बाइक अग्रोहा अस्पताल से चोरी हो गई है। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी विजय को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर अग्रोहा अस्पताल से चोरी की गई बाइक बरामद कर ली गई। इसके बाद गहन पूछताछ में उसने छह अन्य बाइक चोरी की वारदातों का भी खुलासा किया।
हिसार और जींद में सात वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार आरोपी ने हिसार और जींद जिलों में बाइक चोरी की सात वारदातों में संलिप्तता का खुलासा किया। उसकी निशानदेही पर सात चोरीशुदा बाइक बरामद की गईं। इनमें थाना अग्रोहा के दो, थाना सिविल लाइन हिसार का एक, थाना सिविल लाइन जींद के दो, थाना सिटी जींद का एक और थाना बरवाला हिसार का एक मामला शामिल है। पुलिस अब सभी मामलों में आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस
बाइक चोरी की वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी एवं अन्य पुलिसिंग माध्यमों से जांच करते हुए आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अग्रोहा थाना पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने सतर्कता और तत्परता से एक बाइक चोरी के मामले को सुलझाया। पूछताछ में छह अन्य वारदातों का खुलासा हुआ और कुल सात चोरीशुदा बाइक बरामद की गईं। पुलिस आरोपी से अन्य संभावित वारदातों और उसके साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।





