हरियाणा

Hisar: गेट मीटिंग के बाद आंदोलन तेज करेंगे रोडवेज कर्मचारी

Admindelhi1
12 Sept 2026 7:32 PM IST
Hisar: गेट मीटिंग के बाद आंदोलन तेज करेंगे रोडवेज कर्मचारी
x
रोडवेज कर्मचारियों ने आंदोलन की बनाई रणनीति

हिसार: रोडवेज कर्मचारियों की लंबित मांगों को बार-बार लटकाए जाने और कर्मचारियों को गुमराह करने के रोषस्वरूप सांझा संघर्ष समिति ने आंदोलन का ऐलान कर दिया है। समिति में शामिल सभी यूनियनों के पदाधिकारियों की शनिवार को हुई संयुक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 15 सितंबर तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो 17 सितंबर को हिसार डिपो में विशाल गेट मीटिंग कर महाप्रबंधक कार्यालय के खिलाफ धरना शुरू किया जाएगा।

समिति के अनुसार, एक सितंबर को दिए गए नोटिस में कर्मचारियों की लंबित वित्तीय मांगों, विभिन्न भत्तों, कौशल परिचालकों की सैलरी और रात्रि भत्ते सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए 15 सितंबर तक का समय दिया गया था। आरोप है कि अभी तक इन मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

बैठक में वर्कशॉप कर्मचारियों के लिए पांच कमरों की व्यवस्था और बसों की चेकिंग के लिए बड़ा डग बनाने की मांग पर भी चर्चा हुई। समिति पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति कथित लापरवाही पर रोष जताया।

समिति ने चेतावनी दी कि मांगों का समाधान नहीं होने तक संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

Next Story