
हिसार: रोडवेज की हिसार डिपो सांझा संघर्ष समिति ने अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन करने निर्णय लिया है। इस संबंध में समिति ने बैठक करके हिसार डिपो से अग्निशमन विभाग में भेजे गए चालकों को वापस बुलाने की मांग की है। बैठक में कहा गया कि अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 29 दिन से हड़ताल पर हैं, लेकिन सरकार उनकी मांगों को पूरा करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है। इसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। समिति नेताओं ने बुधवार काे कहा कि बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि रोडवेज कर्मचारी अग्निशमन कर्मियों के आंदोलन का पूर्ण समर्थन करते हैं।
उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि अग्निशमन कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और उनकी लंबित मांगों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए, ताकि आंदोलन का समाधान निकाला जा सके। समिति ने कहा कि यदि कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी की जाती है, तो भविष्य में आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक में नरेंद्र सोनी, संदीप जैनावास, बजरंग लाखा, कर्मवीर मसूदपुर, अनूप श्योकंद, अमित जुगलान, जोगेंद्र पंघाल, जितेंद्र शर्मा, राजकुमार चौहान सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।





