
हिसार: हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर सांझा संघर्ष समिति के नेतृत्व में चल रहा धरना जारी है। कर्मचारियों ने डिपो प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि जब तक उनकी जायज मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संघर्ष तेज करने के लिए 30 अक्टूबर को डिपो में गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी, जबकि 31 अक्टूबर को हड़ताल करने का ऐलान किया गया है।
बकाया भत्तों और लंबित मामलों के निपटारे की मांग
धरने की अध्यक्षता संदीप जैनावास ने की, जबकि मंच संचालन अजय दुहन ने किया। धरने पर मौजूद कर्मचारी नेताओं ने कहा कि लंबे समय से मांगें उठाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में बकाया रात्रि भत्ते का भुगतान, ओवरटाइम का बकाया जारी करना, एलटीसी और एसीपी के लंबित मामलों का निपटारा, कर्मचारियों के लंबित केसों का समाधान तथा मुख्यालय की हिदायतों के अनुसार मार्ग रोटेशन लागू करना शामिल है।
कर्मचारी नेताओं का कहना है कि इन समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से कर्मचारियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने डिपो प्रशासन से बकाया भत्तों का भुगतान करने और सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने की मांग की।
30 अक्टूबर को होगी गेट मीटिंग
धरने की अध्यक्षता कर रहे संदीप जैनावास ने बुधवार को बताया कि 30 अक्टूबर को हिसार डिपो में जोरदार गेट मीटिंग आयोजित की जाएगी। इसमें हरियाणा रोडवेज के स्टेट सांझा मोर्चा को भी आमंत्रित किया गया है।
उन्होंने कहा कि डिपो प्रशासन की ओर से समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किए जाने के कारण कर्मचारियों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है। गेट मीटिंग कर्मचारियों की एकजुटता प्रदर्शित करने और उनके अधिकारों की आवाज बुलंद करने का महत्वपूर्ण मंच बनेगी।
कर्मचारी नेताओं ने दोहराया कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो 31 अक्टूबर को हिसार डिपो में हड़ताल की जाएगी। उन्होंने प्रशासन से समय रहते सभी लंबित समस्याओं का समाधान करने की अपील की।





