हरियाणा

Hisar: शोधार्थी को फिर मिली शैक्षणिक गतिविधियों की अनुमति, कमलदीप अत्री पर लगा प्रतिबंध समाप्त

Admindelhi1
2 July 2026 10:14 AM IST
Hisar: शोधार्थी को फिर मिली शैक्षणिक गतिविधियों की अनुमति, कमलदीप अत्री पर लगा प्रतिबंध समाप्त
x
शोधार्थी को फिर मिली शैक्षणिक गतिविधियों की अनुमति

हिसार: गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) प्रशासन ने अपने पूर्व निर्णय में संशोधन करते हुए जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के शोधार्थी तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के विश्वविद्यालय अध्यक्ष कमलदीप अत्री पर लगाया गया विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश प्रतिबंध हटा दिया है। विश्वविद्यालय के इस फैसले को छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर हुए विरोध के बाद लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय प्रशासन ने 18 जून को जारी आदेश में कमलदीप अत्री को निलंबित करते हुए उनके विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश पर रोक लगा दी थी। यह कार्रवाई उस समय की गई थी, जब विद्यार्थियों पर लगाए गए जुर्मानों, अतिरिक्त शुल्क और अन्य छात्र समस्याओं को लेकर अभाविप लगातार विरोध प्रदर्शन कर रही थी।

छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर बढ़ते विरोध के बीच जीजेयू के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष धर्मबीर कस्वां नलोई ने कुलपति से मुलाकात कर छात्र पक्ष रखा और कमलदीप अत्री पर लगाया गया प्रतिबंध हटाने की मांग की। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने फैसले पर पुनर्विचार करते हुए बुधवार को प्रवेश प्रतिबंध हटाने का निर्णय लिया।

अभाविप के प्रांत सोशल मीडिया संयोजक एवं विश्वविद्यालय अध्यक्ष कमलदीप अत्री ने कहा कि उनका संघर्ष किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा के लिए है। उन्होंने कहा कि छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को उठाना कोई अपराध नहीं है और भविष्य में भी यदि विद्यार्थियों के हित प्रभावित होते हैं तो अभाविप पूरी मजबूती के साथ उनकी आवाज़ उठाती रहेगी।

Next Story