हरियाणा

Hisar: जीजेयू प्रशासनिक परिषद में प्रो. विकास वर्मा को मिली अहम भूमिका

Admindelhi1
7 Aug 2026 9:47 AM IST
Hisar: जीजेयू प्रशासनिक परिषद में प्रो. विकास वर्मा को मिली अहम भूमिका
x
जीजेयू की नीतिगत परिषद में प्रो. वर्मा को मिली जिम्मेदारी

हिसार: गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डॉ. विकास वर्मा को विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद (एक्जीक्यूटिव काउंसिल) का सदस्य मनोनीत किया गया है। हरियाणा के राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति की स्वीकृति के बाद हरियाणा राजभवन ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। उनका मनोनयन तत्काल प्रभाव से लागू होगा और वे दो वर्ष तक इस पद पर कार्य करेंगे।

राजभवन की ओर से गुरुवार को जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अधिनियम-1995 की अनुसूची-8 के स्टेट्यूट-8 के प्रावधानों के तहत की गई है।

विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्रशासनिक एवं नीतिगत संस्था है। यह परिषद विश्वविद्यालय के प्रशासन, वित्तीय प्रबंधन, नियुक्तियों, विकास कार्यों, नई योजनाओं और विभिन्न नीतिगत निर्णयों पर अंतिम निर्णय लेने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रो. विकास वर्मा लंबे समय से विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग में शिक्षण एवं शोध कार्य से जुड़े हुए हैं। उनके शैक्षणिक और शोध क्षेत्र में योगदान को देखते हुए उन्हें कार्यकारी परिषद में शामिल किया गया है।

उनके मनोनयन से विश्वविद्यालय को शैक्षणिक और प्रशासनिक स्तर पर अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। प्रो. विकास वर्मा के कार्यकारी परिषद के सदस्य मनोनीत होने पर विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोधार्थियों एवं शिक्षाविदों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Next Story