हरियाणा

Hisar: प्रो. बिश्नोई ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला

Admindelhi1
12 Feb 2026 6:24 PM IST
Hisar: प्रो. बिश्नोई ने युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला
x

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ विषय पर प्रभावशाली नशा मुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने गुरुवार काे कहा कि विकसित भारत का निर्माण नशा मुक्त, संस्कार युक्त और आत्मनिर्भर युवा शक्ति के बिना संभव नहीं है। नशा मुक्त युवा ही आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं और आत्मनिर्भर युवा ही विकसित भारत का स्वप्न साकार कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत स्वास्थ्य का नहीं, बल्कि सामाजिक और राष्ट्रीय उन्नति का भी गंभीर प्रश्न है। युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आप सभी स्वयं नशे से दूर रहें, अपने मित्रों और परिवार को जागरूक करें। खेल, योग, ध्यान और सेवा को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा एक स्वस्थ, सशक्त और संस्कारवान भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम समन्वयक डॉ. महावीर प्रसाद ने रैली की भूमिका और रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि यह पहल केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं में दीर्घकालिक सामाजिक उत्तरदायित्व और स्वस्थ जीवन मूल्यों की स्थापना का प्रयास है। उन्होंने बताया कि रैली का संयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई-5 की ओर से किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय के लगभग 200 विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। संयोजक डॉ. रामस्वरूप ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल मंत्र ‘मैं नहीं, आप’ है और नशा मुक्त समाज का निर्माण सामूहिक संकल्प से ही संभव है।

Next Story