Hisar: कुरूक्षेत्र रैली की तैयारियां तेज, भाजपा नेताओं ने की बैठक

हिसार: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 नवंबर को कुरूक्षेत्र में विशाल रैली को संबोधित करेंगे। पार्टी ने प्रधानमंत्री की रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। रैली की तैयारियों के सिलसिले में भाजपा जिला कार्यालय में गुरुवार काे वर्चुअल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी जवाहर सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 नवंबर को कुरूक्षेत्र में विशाल रैली करने वाले हैं। इसकी सफलता में हर कार्यकर्ता व हर पदाधिकारी की भागीदारी आवश्यक है और सभी अपने-अपने स्तर पर ऐसेे प्रयास करें कि रैली की सफलता में बड़े से बड़ा योगदान दे सकें। उन्होंने जिला पदाधिकारियों को रैली के बारे में आवश्यक निर्देश भी दिए।
समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री की रैली के प्रति पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। बिहार में भारी बहुमत से एनडीए सरकार बनने के बाद यह उत्साह और बढ़ गया है क्योंकि जिस प्रदेश में चुनाव होते हैं, वहां की जनता के सहयोग से भाजपा व उसके सहयोगी दल भारी बहुमत से सरकार बनाते हैं। यह भाजपा के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने जिला प्रभारी को आश्वासन दिया कि वरिष्ठ नेताओं के निर्देशानुसार जिले के पदाधिकारियों को जो निर्देश दिए जाएंगे, उस पर वे अवश्य खरा उतरेंगे।
जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा ने बताया कि बैठक में उपरोक्त के अलावा विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, अनूप धानक, मेयर प्रवीण पोपली, महामंत्री कृष्ण सरसाना, मीडिया प्रभारी राजेन्द्र सपड़ा, आईटी मीडिया प्रभारी सुरेश जांगड़ा, सभी मंडलों के अध्यक्ष सहित अनेक वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।





