हरियाणा

Hisar: परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन सक्रिय

Admindelhi1
4 July 2026 12:05 PM IST
Hisar: परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस-प्रशासन सक्रिय
x
प्रशासन और पुलिस ने एचटेट परीक्षा की तैयारियों का लिया जायजा

हिसार: हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। उपायुक्त महेंद्र पाल ने शुक्रवार को विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। वहीं, रोडवेज विभाग ने परीक्षार्थियों के लिए विशेष बस सेवाओं की व्यवस्था की है और पुलिस ने परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं।

जिले में शनिवार और रविवार को तीन चरणों में आयोजित होने वाली परीक्षा में कुल 22,429 परीक्षार्थी शामिल होंगे। शनिवार को एक शिफ्ट में लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा होगी, जिसमें 7,433 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। रविवार को पहली शिफ्ट में लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा में 11,641 तथा दूसरी शिफ्ट में लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा में 3,355 परीक्षार्थी शामिल होंगे।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 4 जुलाई को दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-3 (पीजीटी), जबकि 5 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक लेवल-2 (टीजीटी) और दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

उपायुक्त महेंद्र पाल ने फतेहचंद महिला महाविद्यालय, एफसी कॉलेज और राजकीय महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक की तैनाती की जाएगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, जैमर, डीवीआर और कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी रतन लाल, एसडीएम ज्योति मित्तल तथा शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हरियाणा रोडवेज ने विशेष बस सेवाओं की व्यवस्था की है। रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल और यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि परीक्षा के दिन दोपहर 11 बजे से 2 बजे तक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने तथा परीक्षा समाप्त होने के बाद शाम 5:30 बजे से 7:15 बजे तक उन्हें वापस लाने के लिए विशेष बसें विभिन्न रूटों पर संचालित की जाएंगी।

यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि परीक्षार्थियों की सहायता के लिए रोडवेज परिसर में हेल्पलाइन नंबर 233285 जारी किया गया है। इस नंबर पर संपर्क कर परीक्षार्थी बस रूट और परिवहन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि एचटेट परीक्षा के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों की नियमित बस सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी और सभी रूटों पर पर्याप्त बसें उपलब्ध रहेंगी।

Next Story