हिसार पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरराज्यीय गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

हिसार: महिलाओं को निशाना बनाकर सोने-चांदी के जेवर और नकदी छीनने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को सीआईए मिल गेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रेवाड़ी जिले के गांव कन्हौरा निवासी राजबीर नाथ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अपने साथी सुनील के साथ हरियाणा और राजस्थान में छीना-झपटी की वारदातों को अंजाम देता था। पूछताछ में उसने 14 से अधिक घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
हिसार के सदर और आजाद नगर थाना क्षेत्रों में हुई वारदातों में लाखों रुपये की नकदी, मंगलसूत्र, सोने की चेन, अंगूठी और अन्य आभूषण छीने गए थे। आरोपी ने भिवानी और सोनीपत जिलों में भी महिलाओं से जेवर छीनने की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस ने आरोपी को आजाद नगर थाने में 31 मई 2026 को दर्ज मामले में गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी से कई जिलों में हुई छीना-झपटी की घटनाओं की कड़ियां जुड़ने की उम्मीद है।





