हरियाणा

Hisar: नई शिक्षा व्यवस्था से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

Admindelhi1
13 May 2026 10:03 AM IST
Hisar: नई शिक्षा व्यवस्था से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
x

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय जनसंचार विभाग के आठ विद्यार्थियों व विश्वविद्यालय के एक कर्मचारी ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। ऑल इंडिया रेडियो हिसार द्वारा हाल ही में हुए ऑडिशन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थी व कर्मचारी अपनी आवाज की प्रतिभा दिखाते हुए युवा उद्घोषक के रूप में चयनित हुए हैं। चयनित विद्यार्थी एवं कर्मचारी विभाग के शिक्षक व मार्गदर्शक डॉ. मिहिर रंजन पात्रा के साथ मंगलवार काे विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम से मिले।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ जिन विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं, वे इसे एक बेहतरीन अवसर समझते हुए कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करें। नई शिक्षा व्यवस्था हर विद्यार्थी को रोजगार उन्मुख ज्ञान प्रदान करने में तत्पर है। विभागाध्यक्ष प्रो. योगेश चाबा ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

आकाशवाणी हिसार में आयोजित ऑडिशन के माध्यम से सीनियर अनाउंसर एवं यूथ कार्यक्रम के लिए अनाउंसर पद के लिए आवेदन मांगे गए थे। यूथ कार्यक्रम के लिए चयनित विद्यार्थियों में तनु बीए द्वितीय वर्ष, इशाना बीए प्रथम वर्ष, ईशान बीए तृतीय वर्ष, कोमल बीए तृतीय वर्ष, ऋतु एमए, निमिषा एमए, महक (पासआउट), सुधीर (पासआउट) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के गैर शिक्षक कर्मचारी मुकेश तंवर भी अपनी प्रतिभा दिखाते हुए सीनियर उद्घोषक के पद के लिए चयनित हुए हैं। गुजविप्रौवि से ही अन्य विद्यार्थी अनमोल बीटेक, अपूर्वा बीएससी बीएड, हिंदी विभाग से शोधार्थी सौरभ, सुप्रिया तथा दिनेश भी सीनियर अनाउंसर के पद लिए चयनित हुए हैं। इस अवसर पर सभी चयनित विद्यार्थियों को विभाग के शिक्षक व मार्गदर्शक डॉ. मिहिर रंजन पात्र ने भी शुभकामनाएं दी और सब का उत्साहवर्धन किया।

Next Story