Hisar: ज्वैलर्स दुकान चोरी का बड़ा खुलासा, हांसी पुलिस ने गिरोह पकड़ा

हिसार: हांसी पुलिस की एवीटी टीम ने ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के गांव किला जफरगढ़ निवासी दीपक उर्फ दीपू, बरवाला निवासी आंचल और मीनाक्षी के रूप में हुई है।
यह मामला 8 जून को शहर थाना हांसी में ज्वैलर्स सुबे सिंह की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार, चार युवक दुकान पर आभूषण देखने के बहाने पहुंचे और बातचीत में उलझाकर चार जोड़ी सोने के कुंडल और चार सोने की नाक की तीलियां चोरी कर फरार हो गए।
एवीटी इंचार्ज नरेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात स्वीकार कर ली है।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया सामान और बाइक बरामद कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा सके।





