हरियाणा

Hisar: लाठीचार्ज से छात्र आंदोलन नहीं रुकेगा, सरकार को जवाब देना होगा : अत्री

Admindelhi1
13 Aug 2026 9:11 PM IST
Hisar: लाठीचार्ज से छात्र आंदोलन नहीं रुकेगा, सरकार को जवाब देना होगा : अत्री
x
विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज को लेकर सरकार को घेरा, कमलदीप अत्री ने उठाए सवाल

हिसार: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद झारखंड में जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के विरोध में उतरा। विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज एवं पानी की बौछार किए जाने के विरोध में परिषद के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर गुरुवार को अभाविप जीजेयू इकाई ने सिटी गेट-3 पर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विद्यार्थियों पर की गई कार्रवाई का विरोध जताया।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परीक्षा में पारदर्शिता और अपने भविष्य की सुरक्षा की मांग करना विद्यार्थियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर बल प्रयोग कर उनकी आवाज दबाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अभाविप ने जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं में सामने आई कथित अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच करवाने तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

अभाविप जीजेयू अध्यक्ष एवं हरियाणा प्रांत सोशल मीडिया संयोजक कमलदीप अत्री ने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा मामला केवल परीक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि न्याय और पारदर्शिता का सवाल है। शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने वाले विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। लाठीचार्ज और पानी की बौछार से विद्यार्थियों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। सरकार को दमन की बजाय संवाद का रास्ता अपनाकर समस्या का समाधान करना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।

अभाविप हिसार नगर मंत्री रोहित ने कहा कि प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा में अनियमितता लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है। सरकार को मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर विद्यार्थियों को न्याय दिलाना चाहिए। प्रदर्शन में लोकेश, अजय, कंकेश, दीप, शुभम, कुलविंदर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story