हरियाणा

Hisar: ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन बढ़ोतरी पर किरमारा का तीखा बयान

Admindelhi1
25 Nov 2025 4:55 PM IST
Hisar: ट्रैक्टर रजिस्ट्रेशन बढ़ोतरी पर किरमारा का तीखा बयान
x

हिसार: इनेलो के प्रदेश सचिव दलबीर किरमारा ने राज्य की भाजपा सरकार द्वारा ट्रेक्टर के रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण की फीस 10 गुणा बढ़ाए जाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे पूरी तरह से किसान विरोधी फैसला बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार लगातार किसान विरोधी फैसले कर रही है जिनका विरोध करने में केवल इनेलो ही सक्षम है।

दलबीर किरमारा ने मंगलवार काे कहा कि हाल ही में प्रदेश की भाजपा सरकार ने ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण की फीस 10 गुणा बढ़ा दी है। पहले ट्रेक्टर रजिस्ट्रेशन नवीनीकरण फीस १०८० रूपये लगती था लेकिन अब इसे 10 गुणा बढ़ाकर 10 हजार 485 रूपये कर दिया गया है। जो काम पहले लगभग 1100 रुपये में चल जाता था उसे अब 10 हजार से अधिक करके किसान वर्ग पर एकदम बोझ डाल दिया गया है, जो निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जननायक चौधरी देवीलाल ने ट्रेक्टर को गाड्डा घोषित करवाया था ताकि किसान ट्रेक्टर से खेती कर सके और उसकी फसल को मंडी तक ले जाने में कोई दिक्कत या परेशानी न हो और न ही किसानों को ट्रेक्टर का इस्तेमाल करने पर कोई टोल या टैक्स देना पड़े।

दलबीर किरमारा ने कहा कि किसानों के हित में काम करने का राग अलापने वाली भाजपा लगातार किसान विरोधी फैसले ले रही है। किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद, बीज या कीटनाशक नहीं मिलते, फसल होने के बाद उसका एमएसपी नहीं मिलता और उसका समय पर उठान होकर उसकी पेमेंट समय पर नहीं मिलती। ऐसे अनेक फैसले हैं जो भाजपा सरकार आए दिन किसानों व आम जनता के खिलाफ ले रही है लेकिन विपक्षी दल कांग्रेस इस पर चुप्पी साधे हुए है क्योंकि भाजपा व कांग्रेस सीधे तौर पर मिलीभगत की राजनीति कर रही है।

Next Story