Hisar: अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश

हिसार: हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री Ranbir Gangwa ने बरवाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, लोक निर्माण विभाग, हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड, नगर परिषद, विकास एवं पंचायत विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मंत्री रणबीर गंगवा ने वार्ड एवं क्षेत्रवार सड़कों, सीवरेज व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा जनहित से जुड़े अन्य विकास कार्यों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विभागवार अधिकारियों से पूर्व में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी और लंबित परियोजनाओं की प्रगति पर जानकारी ली।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जनहित के कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कुछ कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए रणबीर गंगवा ने संबंधित अधिकारियों को अपने कार्य व्यवहार में सुधार लाने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि जनता के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन के लिए प्रतिबद्ध है तथा अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। बैठक में विकास कार्यों को गति देने और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।





