Hisar: विद्यार्थियों के दाखिले से पूर्व निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने विश्वविद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंड व गुणवत्ता बनाए रखने के लिए सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य समय से पूरे होने चाहिएं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के लिए दाखिला प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। ऐसे में नए विद्यार्थियों के प्रवेश से पूर्व आवश्यक आधारभूत ढांचा तैयार होना आवश्यक है।
ऐसा तभी संभव हो पाएगा जब निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाएगी। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार काे विश्वविद्यालय के गुरु जम्भेश्वर जी महाराज धार्मिक अध्ययन संस्थान, विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र तथा हरियाणा स्कूल ऑफ बिजनेस में निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय में नए उपयोगी व रोजगारपरक आरंभ किए हैं। इन कोर्सों के प्रति विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह है। पिछले तीन साल में विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या भी लगभग दो गुणा हो चुकी है।
ऐसे में उच्च स्तरीय आधारभूत ढांचा तैयार करना तथा विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध करवाना विश्वविद्यालय प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसी दिशा में विश्वविद्यालय में नए भवनों, प्रयोगशालाओं, छात्रावासों तथा अन्य जरूरत की इमारतों का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद विद्यार्थियों के लिए विश्वविद्यालय में सुविधाएं और अधिक बढ़ जाएंगी। उन्होंने इस दौरान निर्माण कार्यों से संबंधित आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। कार्यकारी अभियंता इंजीनियर सुनील ग्रोवर कार्यकारी अभियंता रघुबीर सिंह सुंडा, उपमंडल अधिकारी इंजीनियर संदीप ग्रेवाल व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





