Hisar: रिलायंस फाउंडेशन स्कॉलरशिप पर विद्यार्थियों को दी जानकारी

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष के 1100 से अधिक यूजी एवं पीजी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप और शिक्षा-सहायता के अवसरों से परिचित कराया गया। ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के इंटर्नशिप क्लब की ओर से भारतकेयर्स (सीएसआर-बॉक्स) के सहयोग से सीआरएस सभागार के मेन हॉल में मंगलवार को रिलायंस फाउंडेशन स्कॉलरशिप 2026-27 पर ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. मुकेश कुमार शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जबकि भारतकेयर्स (सीएसआर-बॉक्स) की प्रोग्राम मैनेजर अदिति गुप्ता ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कुलपति प्रो. विजय कुमार और कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के शुरुआती दौर में ही स्कॉलरशिप और आर्थिक सहायता के उपलब्ध अवसरों की जानकारी मिलना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से योग्यता शर्तों को समझकर समय पर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य वक्ता अदिति गुप्ता ने रिलायंस फाउंडेशन स्कॉलरशिप 2026-27 की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यूजी विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप के तहत दो लाख रुपये तक, जबकि पीजी विद्यार्थियों को छह लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता मिल सकती है। उन्होंने आवेदन के विभिन्न चरणों की जानकारी देने के साथ विद्यार्थियों के सवालों के जवाब भी दिए। इसके अलावा एजुकेशन असिस्टेंस प्रोग्राम 2026, उड़ान स्कॉलरशिप प्रोजेक्ट और इंडिगो से जुड़ी शिक्षा-सहायता पहलों की जानकारी भी दी गई।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. मुकेश कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से स्कॉलरशिप के अवसरों की सक्रिय रूप से तलाश करने और उपलब्ध आर्थिक सहायता का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसर विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तिगत विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
डॉ. प्रताप सिंह ने स्वागत संबोधन में प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर पर विश्वसनीय स्कॉलरशिप एवं शिक्षा-सहायता के अवसरों से जोड़ने को कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य बताया। उन्होंने अदिति गुप्ता, भारतकेयर्स के वरिष्ठ अधिकारियों राहुल राजपूत, श्रद्धा डोशी और अमरीशा तथा विश्वविद्यालय के संबंधित विभागाध्यक्षों का सहयोग के लिए आभार जताया।
ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर प्रांतिका और विशु ने किया। क्लब कोऑर्डिनेटर किरण, जॉइंट कोऑर्डिनेटर अमन यादव व चेतन तथा स्वयंसेवकों तन्मय, प्राची, प्रिया और सुचित ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग दिया।





