हरियाणा

Hisar: हत्याकांड के बाद फरार पति चार माह बाद गिरफ्तार, अध्यापिका की हत्या का आरोप

Admindelhi1
27 Aug 2026 2:52 PM IST
Hisar: हत्याकांड के बाद फरार पति चार माह बाद गिरफ्तार, अध्यापिका की हत्या का आरोप
x
अध्यापिका हत्याकांड का आरोपी चार महीने बाद पुलिस गिरफ्त में

हिसार: शहर के बहुचर्चित शिक्षिका सोनिया हत्याकांड के मुख्य आरोपी पति सौरभ आनंद को आखिरकार पुलिस ने चार महीने की कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद बुधवार को जैसे ही पुलिस आरोपी को कस्टडी में लेकर पहुंची, वहां मौजूद मृतका सोनिया का भाई अपने गुस्से पर काबू नहीं रख सका और पुलिस की मौजूदगी में ही आरोपी जीजा पर टूट पड़ा। भाई ने आरोपी के चेहरे पर ताबड़तोड़ थप्पड़ जड़ दिए, जबकि मौके पर मौजूद महिलाएं उसे 'ओ भाई डटजा, डटजा' कहकर खींचती रहीं।

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी सौरभ आनंद के चेहरे पर शिकन तक नजर नहीं आई, जैसा कि पुलिस द्वारा जारी किए गए उसके फोटो से ही साफ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कस्टडी के दौरान उसने बेखौफ अंदाज में कहा कि उसने इस वारदात को अंजाम सिर्फ प्रॉपर्टी के विवाद और अपने हिस्से के लिए दिया था। आरोपी ने खुलासा किया कि उनके बीच पिछले 6-7 सालों से लगातार संपत्ति को लेकर खींचतान चल रही थी।

मामले के अनुसार लगभग चार माह पहले एक मई को सेक्टर 13 निवासी सौरभ आनंद ने अपनी पत्नी सोनिया की नृशंस हत्या कर दी थी। पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक रिपोर्ट में इस खौफनाक वारदात का सच सामने आया था कि आरोपी ने सोनिया की छाती में गर्म प्रेस घोंप दी थी। इसके बाद प्रेस की तार और हाथों से उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतका के सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों पर भी दरिंदगी और चोट के गहरे निशान मिले थे।

हत्या के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर आरोपी पति सौरभ, जेठ और जेठानी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया था। वारदात के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी न होने से शहरवासियों और सामाजिक संगठनों में भारी रोष था, जिसके चलते कई धरने, प्रदर्शन और रोष मार्च निकाले गए थे। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है।

Next Story