
हिसार: शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुचारु, सुरक्षित और प्रभावी बनाने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने जिंदल चौक पर नव-निर्मित ट्रैफिक बूथ का उद्घाटन किया, जबकि सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मयंक मुद्गिल ने बस स्टैंड के समीप स्थापित नए ट्रैफिक बूथ का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव को देखते हुए प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत किया जा रहा है। नए ट्रैफिक बूथों के शुरू होने से यातायात संचालन अधिक व्यवस्थित होगा, जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा तथा आम नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने बताया कि इन ट्रैफिक बूथों के माध्यम से यातायात पुलिसकर्मी प्रमुख स्थानों पर लगातार निगरानी रख सकेंगे। साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए त्वरित कार्रवाई करने और जरूरतमंद नागरिकों एवं यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।
एसपी ने वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षित यातायात केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। यदि सभी लोग ईमानदारी से यातायात नियमों का पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।
एएसपी मयंक मुद्गिल ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल यातायात नियमों का पालन कराना नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अनुशासित यातायात से ही सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित किया जा सकता है।





