Hisar: हिसार पुलिस ने होटलों में चल रहे कथित अनैतिक कारोबार पर कसा शिकंजा

हिसार: जिले में होटलों की आड़ में संचालित कथित देह व्यापार और अन्य अनैतिक गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो होटलों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में 18 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि होटल ए टू ज़ेड के मालिक और होटल बलिश के मैनेजर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (इमोरल ट्रैफिकिंग) समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता मदनलाल ने सोमवार को बताया कि डीएसपी वुमेन सेफ्टी प्रिया शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने थाना अर्बन एस्टेट क्षेत्र स्थित होटल बलिश और होटल ए टू ज़ेड में योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई युवक-युवतियां होटल के कमरों में मिले, जिन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इन होटलों में कथित देह व्यापार के लिए महिलाओं को उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली, उत्तराखंड सहित अन्य राज्यों से लाया जाता था। पुलिस ने मौके से 18 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। जांच में होटल संचालकों की संलिप्तता मिलने पर उनके खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि होटल, गेस्ट हाउस और लॉज संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे कानून के दायरे में रहकर अपना व्यवसाय संचालित करें। यदि किसी प्रतिष्ठान का उपयोग देह व्यापार या अन्य अवैध गतिविधियों के लिए किया गया तो संचालक, प्रबंधक और इसमें शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग त्वरित आर्थिक लाभ के लिए अपने प्रतिष्ठानों का दुरुपयोग होने देते हैं, जिससे अपराध और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलता है। पुलिस ऐसे मामलों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।





