हरियाणा

Hisar: हिसार पुलिस ने हमला करने वाले चार लोगों को पकड़ा

Admindelhi1
19 May 2026 11:20 AM IST
Hisar: हिसार पुलिस ने हमला करने वाले चार लोगों को पकड़ा
x

हिसार: बालसमंद चौकी पुलिस ने गोरछी गांव में ईंट भट्ठे पर पुलिस कर्मचारियों पर हमला करने, उन्हें चोट पहुंचाने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और ट्रैक्टर चढ़ाकर जान से मारने का प्रयास करने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के चुरू जिले के इंदासर निवासी छोटू, मंगल, संजय व उनके पिता सुभाष चंद्र के रूप में हुई है।

वारदात में इस्तेमाल किया गया स्वराज 744 ट्रैक्टर भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस जांच अधिकारी ने साेमवार काे बताया कि इस संबंध में गत 16 मई की रात्रि करीब आठ बजे बालसमंद पुलिस चौकी में तैनात एएसआई प्रदीप कुमार को गोरछी गांव स्थित पूनिया ईंट भट्ठा के मालिक सुरेंद्र ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि भट्ठे पर काम करने वाले एक मजदूर रजनीश को अन्य मजदूरों ने बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट की है। सूचना मिलते ही एएसआई प्रदीप कुमार व उनकी टीम के साथ पीसीआर 12 लेकर मौके पर पहुंचे। जब पुलिस टीम घायल मजदूर रजनीश को छुड़ाने के लिए झुग्गी के पास पहुंची, तो वहां मौजूद मजदूरों और एक महिला ने रास्ता रोक लिया। पुलिस द्वारा

समझाने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर पत्थरों से हमला कर दिया। महिला ने डंडे से हमला किया, जिसमें होमगार्ड कुलदीप के मुंह पर गंभीर चोट आई और उनका मोबाइल फोन भी टूट गया। इसके अलावा एसपीओ जगदीश और ईएचसी विकास को भी चोटें आईं। पुलिस ने इस संबंध में सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने और पुलिसकर्मियों को घायल करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपियों छोटू, मंगल, संजय और सुभाष चंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Next Story