Hisar: एचएयू छात्र ने अंतरराष्ट्रीय प्लेसमेंट में हासिल की बड़ी सफलता

हिसार: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएयू) के विद्यार्थियों की प्रतिभा अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना रही है। इसी क्रम में विश्वविद्यालय के छात्र रमनदीप का उज्बेकिस्तान की प्रतिष्ठित कंपनी इंडोरामा एग्रो एलएलसी में फील्ड ऑपरेशन लीड (जोनल मैनेजर) के पद पर चयन हुआ है। कंपनी उन्हें 13 हजार अमेरिकी डॉलर (करीब 11 लाख रुपये) का वार्षिक पैकेज देगी।
इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय में खुशी का माहौल है। कुलपति प्रो. बी.आर. कम्बोज ने रमनदीप को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता केवल एक विद्यार्थी की नहीं, बल्कि पूरे विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इसी उद्देश्य से प्रतिष्ठित भारतीय और विदेशी कंपनियों को कैंपस प्लेसमेंट के लिए आमंत्रित किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किसी अंतरराष्ट्रीय निजी कंपनी में छात्र का चयन विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, व्यावहारिक प्रशिक्षण और उद्योगोन्मुख तैयारियों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि रमनदीप की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी वैश्विक स्तर पर करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. मदन लाल खीचड़ ने बताया कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल विद्यार्थियों को रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। सेल उद्योगों के साथ समन्वय स्थापित करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने, करियर मार्गदर्शन देने और विद्यार्थियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
डॉ. एस.के. पाहुजा ने बताया कि इंडोरामा एग्रो एलएलसी अंतरराष्ट्रीय स्तर की अग्रणी कंपनी है, जो विभिन्न देशों में खाद्य उत्पादों के निर्यात के क्षेत्र में कार्यरत है। वहीं, सह-छात्र कल्याण निदेशक डॉ. सुबोध अग्रवाल ने बताया कि पिछले वर्ष विश्वविद्यालय के छह विद्यार्थी इसी कंपनी में इंटर्नशिप के लिए गए थे। रमनदीप का चयन इस बात का प्रमाण है कि विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच बढ़ता तालमेल विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रहा है।





