हरियाणा

Hisar: हांसी में जिम संचालक की हत्या, लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी

Admindelhi1
12 Jun 2026 12:52 PM IST
Hisar: हांसी में जिम संचालक की हत्या, लॉरेंस गैंग ने सोशल मीडिया पर ली जिम्मेदारी
x
हत्या के बाद लॉरेंस गैंग के दावे से हांसी में मचा हड़कंप

हिसार: हांसी के पुराने राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फव्वारा चौक के पास गुरुवार तड़के जिम संचालक कपिल की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। वारदात के करीब पांच घंटे बाद लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ली है।

हालांकि पुलिस मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है, लेकिन गैंग के नाम सामने आने के बाद यह मामला हाई प्रोफाइल हो गया है।

पोस्ट में दावा किया गया है कि हत्या का संबंध शेखपुरा और ढाणी पुरिया में हुई पुरानी फायरिंग की घटनाओं से जुड़ा है। गैंग ने मृतक कपिल को इन मामलों में फायरिंग कराने का मुख्य साजिशकर्ता बताया है।

जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी 2025 को हांसी के गांव शेखपुरा के सरपंच प्रदीप लादी को डराने के लिए फायरिंग की घटना हुई थी। इसके अगले दिन गांव ढाणी पुरिया में भी फायरिंग की गई थी। इस मामले में हांसी एसटीएफ ने कार्रवाई करते हुए एनकाउंटर के बाद कृष्णा कॉलोनी निवासी रवि और इंद्र सैनी को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से तीन देसी पिस्तौल और पांच कारतूस बरामद किए गए थे।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पोस्ट में इन्हीं मामलों का हवाला देते हुए कपिल को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। फिलहाल पुलिस गैंग की भूमिका और अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Next Story