हरियाणा

Hisar: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने छात्रों को दी राहत, आवेदन तिथि बढ़ाई

Admindelhi1
10 Jun 2026 11:11 AM IST
Hisar: गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय ने छात्रों को दी राहत, आवेदन तिथि बढ़ाई
x
प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से छात्रों में खुशी

हिसार: गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने अंडर ग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 जून कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 8 जून निर्धारित थी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार को बताया कि विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों के प्रति विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। विद्यार्थियों तथा अभिभावकों की मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

12,200 से अधिक आवेदन प्राप्त

विश्वविद्यालय के अनुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 8 जून की शाम तक लगभग 3,500 सीटों पर प्रवेश हेतु 12,200 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

पीजी पाठ्यक्रमों के लिए 2,750 से अधिक आवेदन

यूजी पाठ्यक्रमों के लिए 9,200 से अधिक आवेदन

डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में भी उल्लेखनीय रुचि

कुलपति ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आवेदन मिलना विश्वविद्यालय की बढ़ती लोकप्रियता और शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताते हुए कहा कि गुजविप्रौवि विद्यार्थियों की पहली पसंद के रूप में उभर रहा है।

इच्छुक अभ्यर्थी अब 16 जून तक विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Next Story