हरियाणा

Hisar: हिसार में बिजली कर्मचारियों का आंदोलन तेज, हड़ताल का ऐलान

Admindelhi1
7 Aug 2026 9:08 AM IST
Hisar: हिसार में बिजली कर्मचारियों का आंदोलन तेज, हड़ताल का ऐलान
x
वार्ता विफल होने के बाद बिजली कर्मियों ने उठाया बड़ा कदम

हिसार: हरियाणा बिजली कर्मचारी एवं इंजीनियर सांझा संघर्ष मोर्चा के बैनर तले गुरुवार को सब यूनिट बालसमंद में बिजली कर्मचारियों ने सरकार और निगम प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि सरकार के साथ हुई वार्ता विफल रही है और उनकी लंबे समय से लंबित मांगों पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। कर्मचारियों ने 11, 12 और 13 अगस्त की प्रस्तावित हड़ताल में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

प्रदर्शन की अध्यक्षता इंजीनियर एसोसिएशन के एसडीओ धर्मबीर, सब यूनिट प्रधान विकास झाझड़िया व वीरेंद्र ने की, जबकि मंच संचालन यूनिट सचिव संदीप शर्मा एवं अनिल धायल ने किया। कार्यक्रम में राज्य कमेटी से प्रदीप लौरा, सर्कल सचिव हंसराज ग्रोवर तथा महासंघ के जिला प्रधान अमृत शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

प्रदेश चीफ ऑर्गेनाइजर प्रदीप लौरा ने गुरुवार को कहा कि बिजली मंत्री, अधिकारियों और निगम प्रबंधन के साथ हुई वार्ता में कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि अब कर्मचारियों को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए निर्णायक संघर्ष करना होगा और सभी कर्मचारी 11 से 13 अगस्त की हड़ताल को सफल बनाएं।

उन्होंने प्रस्तावित एग्री डिस्कॉम विधेयक का भी विरोध करते हुए इसे कर्मचारी और किसान विरोधी बताया।

एसडीओ धर्मबीर ने कहा कि एग्री डिस्कॉम लागू होने से किसानों और कर्मचारियों दोनों को नुकसान होगा। यदि सरकार इसे जबरन लागू करने का प्रयास करती है तो कर्मचारी इसका पुरजोर विरोध करेंगे और इसे लागू नहीं होने देंगे।

जिला प्रधान अमृत शर्मा ने कहा कि निगम प्रबंधन लगातार कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी कर रहा है। इससे कर्मचारियों का आर्थिक, मानसिक और प्रशासनिक शोषण बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार वार्ता, ज्ञापन और आंदोलन के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन समाधान नहीं निकला। यदि सरकार अब भी नहीं चेती तो 11 से 13 अगस्त की हड़ताल के जरिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सब यूनिट प्रधान विकास झाझरिया और वीरेंद्र ने कहा कि ऑनलाइन ट्रांसफर नीति, कर्मचारियों की भारी कमी, लंबित मांगों और कर्मचारी विरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष लगातार जारी रहेगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

विरोध प्रदर्शन में सुनील, राधेश्याम, सुंदर, अनिल शर्मा, पवन जेई, विकास जेई, रमेश फोरमैन, अशोक डूडी, सुरेंद्र लाइनमैन सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी मौजूद रहे।

Next Story