Hisar: इलेक्ट्रिक बसों से हिसार और अग्रोहा मेडिकल कॉलेज के बीच सफर हुआ आसान

हिसार: हिसार, 25 जून। हरियाणा राज्य परिवहन ने हिसार बस अड्डे से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज तक एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू कर दी है। गुरुवार सुबह 6:30 बजे पहली बस को रवाना किया गया। इस सेवा से अग्रोहा मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा अग्रोहा धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल और यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि फिलहाल इस रूट पर प्रतिदिन चार फेरे हिसार से अग्रोहा मेडिकल और चार फेरे अग्रोहा मेडिकल से हिसार के लिए संचालित किए जाएंगे। यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर भविष्य में फेरों की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार हिसार बस अड्डे से बसें सुबह 6:30 बजे, 8:30 बजे, दोपहर 12:30 बजे और 2:30 बजे रवाना होंगी। वहीं अग्रोहा मेडिकल से हिसार के लिए बसें सुबह 7:30 बजे, 9:30 बजे, दोपहर 1:30 बजे और शाम 3:30 बजे चलेंगी।
रोडवेज अधिकारियों ने बताया कि इस इलेक्ट्रिक बस सेवा में सरकार द्वारा जारी विभिन्न यात्रा पास मान्य नहीं होंगे। इनमें वरिष्ठ नागरिक पास, हैप्पी कार्ड, एनसीएमसी कार्ड, छात्र पास, दिव्यांग पास सहित अन्य श्रेणियों के यात्रा पास शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा रोडवेज तथा अन्य विभागों के कर्मचारियों को मिलने वाली किराया रियायत भी इस सेवा में लागू नहीं होगी।





