हरियाणा

Hisar: बिजली की बचत से आर्थिक और पर्यावरणीय लाभ : विक्रम सिंह

Admindelhi1
11 Jun 2026 7:53 AM IST
Hisar: बिजली की बचत से आर्थिक और पर्यावरणीय लाभ : विक्रम सिंह
x
बिजली बचाने से घटेगा खर्च, सुरक्षित रहेगा पर्यावरण

हिसार: दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) और उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने उपभोक्ताओं से ऊर्जा संरक्षण को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से बिजली बिल में कमी लाई जा सकती है और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

बुधवार को जारी जागरूकता संदेश में उपभोक्ताओं को ऊर्जा दक्ष एलईडी बल्बों के उपयोग, अनावश्यक रूप से चल रहे विद्युत उपकरणों को बंद रखने और उपयोग में न होने पर चार्जर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के प्लग हटाने की सलाह दी गई।

इसके अलावा ऊर्जा दक्ष उपकरणों को प्राथमिकता देने, भवनों की छत और दीवारों में उचित इन्सुलेशन कराने तथा सौर ऊर्जा अपनाने पर भी विशेष जोर दिया गया।

प्रबंध निदेशक ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण केवल आर्थिक बचत का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने डीएचबीवीएन और यूएचबीवीएन के सभी उपभोक्ताओं से बिजली का विवेकपूर्ण उपयोग करने और ऊर्जा बचत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

Next Story