हरियाणा

Hisar: डीएचबीवीएन ने योजना के लक्ष्य का आधा से ज्यादा किया पूरा

Admindelhi1
15 Sept 2026 10:22 AM IST
Hisar: डीएचबीवीएन ने योजना के लक्ष्य का आधा से ज्यादा किया पूरा
x
पीएम सूर्य घर योजना में हिसार ने हासिल की 51% उपलब्धि

हिसार: प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने अब तक 62,455 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित कर 51 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है। इन संयंत्रों की कुल क्षमता 221.90 मेगावाट है। योजना के तहत निगम को अब तक 1,01,845 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 61,813 सौर कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं।

डीएचबीवीएन के जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने सोमवार को बताया कि योजना के तहत अब तक 52,632 लाभार्थियों को 380.88 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की जा चुकी है। निगम ने मार्च 2027 तक एक लाख 22 हजार सौर कनेक्शन स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए लंबित आवेदनों के निपटान, निरीक्षण और कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को लंबित आवेदनों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने और पात्र उपभोक्ताओं को निर्धारित समय में योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।

हिसार जोन में सबसे अधिक 36,291 संयंत्र स्थापित

जोनवार प्रगति में हिसार जोन सबसे आगे है। यहां 62,282 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 36,291 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 119.41 मेगावाट है। जोन में 35,952 सौर कनेक्शन जारी किए गए हैं तथा 31,616 लाभार्थियों को 231.36 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी जा चुकी है। हिसार जोन ने अपने निर्धारित लक्ष्य का 66 प्रतिशत हासिल किया है।

दिल्ली जोन में 39,563 आवेदन प्राप्त हुए हैं और 26,164 रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इनकी कुल क्षमता 102.49 मेगावाट है। यहां 25,861 कनेक्शन जारी किए गए हैं तथा 21,016 लाभार्थियों को 149.52 करोड़ रुपये की सब्सिडी वितरित की गई है। दिल्ली जोन ने 38 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है।

रेवाड़ी और सिरसा लक्ष्य से आगे

सर्कलवार उपलब्धियों में रेवाड़ी और सिरसा सर्कल ने मार्च 2027 तक निर्धारित लक्ष्य को पार करते हुए 106-106 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की है। फतेहाबाद ने 86 प्रतिशत, हिसार ने 63 प्रतिशत, गुरुग्राम-द्वितीय ने 48 प्रतिशत, नारनौल ने 46 प्रतिशत, भिवानी ने 45 प्रतिशत, गुरुग्राम-प्रथम ने 41 प्रतिशत और जींद ने 37 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया है। फरीदाबाद की उपलब्धि 15 प्रतिशत तथा पलवल की 11 प्रतिशत रही है।

डीएचबीवीएन की ओर से शेष पात्र उपभोक्ताओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए प्रक्रिया को और तेज किया जा रहा है, ताकि मार्च 2027 तक एक लाख 22 हजार सौर कनेक्शन का निर्धारित लक्ष्य पूरा किया जा सके।

Next Story