हरियाणा

Hisar: जल समस्याओं पर समाधान की मांग, मंत्री रणबीर गंगवा से मिले समिति सदस्य

Admindelhi1
13 July 2026 6:30 PM IST
Hisar: जल समस्याओं पर समाधान की मांग, मंत्री रणबीर गंगवा से मिले समिति सदस्य
x
संयुक्त जल संघर्ष समिति ने मंत्री रणबीर गंगवा के समक्ष रखीं प्रमुख मांगें

हिसार: संयुक्त जल संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को हरियाणा के कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा से मुलाकात कर हिसार को यमुना सिस्टम से अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने की मांग उठाई। समिति ने क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी यमुना नहर में पर्याप्त पानी उपलब्ध है। ऐसे में सिरसा ब्रांच और हांसी ब्रांच से अतिरिक्त पानी लेकर हिसार और भिवानी जिलों के टेल एरिया तक पानी पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों को बड़ी राहत मिलेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि बालसमंद ब्रांच और बरवाला ब्रांच में करीब 100 क्यूसिक पानी की चोरी हो रही है। इसे रोकने के लिए विशेष पेट्रोलिंग की व्यवस्था किए जाने की मांग की गई। साथ ही मुख्यमंत्री, संयुक्त जल संघर्ष समिति और सिंचाई विभाग के अधिकारियों की संयुक्त बैठक बुलाने का आग्रह भी किया गया।

समिति ने बताया कि भाखड़ा-बरवाला ब्रांच में कई स्थानों पर अवैध पैंचर कर टेल एरिया का पानी बीच में ही मोड़ लिया जाता है, जिससे अंतिम छोर के गांवों तक पानी नहीं पहुंच पाता। उन्होंने अवैध पैंचर पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

इसके अलावा जनस्वास्थ्य विभाग की पेयजल परियोजना का मुद्दा भी उठाया गया। समिति ने बताया कि छह गांवों—किरतान, बालसमंद, बुड़ाक, सरसाना, बासड़ा और गोरछी—को पंप हाउस के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के लिए करीब 26 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद इन गांवों में नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है।

कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि हिसार को यमुना सिस्टम से अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

मुलाकात के दौरान समिति के प्रधान विजेंद्र बैनीवाल, उपप्रधान सतबीर झाझड़िया, वरिष्ठ उपप्रधान सुरेंद्र आर्य, दिलबाग हुड्डा, अनिल भादू, दलबीर बैनीवाल, महाबीर कड़वासरा, आजाद हिंद युवा क्लब किरतान के प्रधान कपूर सिंह आर्य, रामबीर ढांडा, जय सिंह भेरिया, भूप सिंह गोरछी, हवा सिंह झाझड़िया, यशपाल कालीरामणा, बलवंत नंबरदार कंवारी, गुलाब सिंह झाझड़िया, रण सिंह कसवां, बबरा नंबरदार गोरछी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Next Story