हरियाणा

Hisar: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के खिलाफ एफआईआर की मांग, एसपी को शिकायत

Admindelhi1
18 Aug 2026 2:08 PM IST
Hisar: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के खिलाफ एफआईआर की मांग, एसपी को शिकायत
x
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पर केस दर्ज करने की उठी मांग, एसपी से की गई शिकायत

हिसार: इनेलो के राष्ट्रीय संरक्षक एवं पूर्व मंत्री प्रो. संपत सिंह ने भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के खिलाफ केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने हिसार के पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है।

प्रो. संपत सिंह ने सोमवार को एसपी को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 11 अगस्त को पानीपत में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डॉ. अर्चना गुप्ता ने जाट समुदाय को लेकर ऐसे बयान दिए, जिनसे समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं और सामाजिक सौहार्द प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में जाट समुदाय को ‘विशेष वर्ग’ बताते हुए उसे कथित रूप से ‘लुटेरा, बिचौलिया और दलाल’ जैसे शब्दों से संबोधित किया गया।

शिकायत के अनुसार, डॉ. अर्चना गुप्ता ने अपने शासनकाल के दौरान केवल अपने बच्चों और रिश्तेदारों को नौकरियां दिए जाने तथा विशेष वर्ग से जुड़े लोगों को लाभ पहुंचाने संबंधी आरोप भी लगाए। प्रो. संपत सिंह ने कहा कि इस प्रकार के कथित बयान जानबूझकर दिए गए प्रतीत होते हैं, जिनका उद्देश्य जाट एवं गैर-जाट समुदायों के बीच वैमनस्य और शत्रुता बढ़ाना तथा सार्वजनिक शांति भंग करना हो सकता है।

उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर डॉ. अर्चना गुप्ता एवं बयान देने में सहयोग, उकसाने या प्रेरित करने वाले अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानून के अनुसार कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस एवं सोशल मीडिया पर प्रसारित संबंधित वीडियो और अन्य सामग्री के साक्ष्य उपलब्ध कराने की बात भी कही गई है।

प्रो. संपत सिंह ने मांग की कि विवादित सामग्री के प्रसार पर भी तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि सामाजिक शांति और सद्भाव प्रभावित न हो।

Next Story