हरियाणा

Hisar: गंदगी हटाने को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग

Admindelhi1
13 May 2026 11:12 AM IST
Hisar: गंदगी हटाने को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग
x

हिसार: शहर में लंबे समय से जारी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब आमजन के लिए परेशानी का बड़ा कारण बनती जा रही है। जगह-जगह लगे कचरे के ढेर और बदहाल सफाई व्यवस्था के बीच बीमारियां फैलने की आशंका के चलते जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने मंगलवार को प्रशासन के समक्ष चिंता जताई। अधिवक्ताओं ने अतिरिक्त उपायुक्त से मुलाकात कर जिला मजिस्ट्रेट के नाम ज्ञापन सौंपते हुए हड़ताल का जल्द समाधान निकालने और शहर में तुरंत सफाई व्यवस्था बहाल करवाने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने वालों में एडवोकेट आरके भनोट, एडवोकेट नरेश गोयल, एडवोकेट सोमदत्त शर्मा, अश्विनी आर्य सहित अन्य अधिवक्ताओं ने कहा कि शहर के बाजारों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर कई दिनों से कचरा जमा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है और लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। बढ़ती गर्मी के बीच गंदगी के कारण डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।

अधिवक्ताओं ने प्रशासन से आग्रह किया कि सफाई कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच जल्द बातचीत कराकर विवाद का समाधान निकाला जाए ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। उनका कहना था कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य बनाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और आम जनता के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।

Next Story