हरियाणा

Hisar: डीसीएम मिल कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, सड़क पर लगाया जाम

Admindelhi1
8 Jun 2026 9:28 AM IST
Hisar: डीसीएम मिल कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन, सड़क पर लगाया जाम
x

हिसार: डीसीएम मिल प्रबंधन पर अधिक काम लेकर कम वेतन देने का आरोप लगाते हुए कर्मचारियों और मजदूरों ने रविवार को मिलगेट रोड जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए श्रमिकों के शोषण का आरोप लगाया।

कर्मचारियों का कहना है कि उनसे प्रतिदिन 12 घंटे तक काम कराया जाता है, जबकि वेतन केवल 8 घंटे की ड्यूटी के अनुसार दिया जाता है। इस मुद्दे को लेकर मजदूरों में भारी नाराजगी देखने को मिली।

रोड जाम की सूचना मिलने पर एचटीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने का प्रयास किया। काफी देर तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा। बाद में प्रशासन और मिल प्रबंधन की ओर से मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिए जाने के बाद कर्मचारियों ने जाम समाप्त कर दिया।

प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने मांग की कि उन्हें पूरा वेतन दिया जाए तथा सीएल (कैजुअल लीव) और पीएल (प्रिविलेज लीव) से संबंधित नियमों में सुधार किया जाए। उन्होंने 40 हाजिरी होने पर छुट्टियां रद्द करने की व्यवस्था समाप्त करने की भी मांग उठाई।

कर्मचारियों ने वर्ष में एक बार जूते, वर्दी और अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने, पहले की तरह 26 हाजिरी पर मिलने वाले प्रोत्साहन पुरस्कार को दोबारा लागू करने तथा 10 से 15 वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को उच्च कुशल श्रेणी में शामिल करने की मांग भी रखी।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर दोबारा सड़क जाम करने का कदम उठाएंगे। प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

Next Story