Hisar: हिसार में अपराध नियंत्रण अभियान के मिले सकारात्मक परिणाम

हिसार: जिला पुलिस द्वारा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे विशेष अभियान, नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार जागरूकता कार्यक्रमों, संवेदनशील मामलों के शीघ्र निस्तारण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयासों के चलते जिले में महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
पुलिस आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष अप्रैल से जून की तिमाही में ऐसे कुल 171 मामले दर्ज हुए थे, जबकि इस वर्ष इसी अवधि में यह संख्या घटकर 113 रह गई है। सबसे अधिक कमी अपहरण (किडनैपिंग) के मामलों में दर्ज की गई, जहां मामले 24 से घटकर केवल 6 रह गए। इसके अलावा अपहरण और फुसलाकर ले जाने की घटनाओं में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है।
घरेलू अपराधों में भी कमी देखने को मिली है। दहेज उत्पीड़न के मामले 59 से घटकर 30 रह गए, जबकि दुष्कर्म के मामलों की संख्या 14 से घटकर 10 हो गई। इसके अतिरिक्त, पॉक्सो अधिनियम तथा महिलाओं से छेड़छाड़ से जुड़े मामलों में भी पिछले वर्ष की तुलना में कमी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार को कहा कि महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा जिला पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए नियमित गश्त बढ़ाने के साथ-साथ स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर लगातार जागरूकता कार्यक्रम तथा महिला सुरक्षा अभियान चलाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पुलिस आगे भी कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और महिलाओं एवं बच्चों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इसी तरह प्रभावी कदम उठाती रहेगी।





