Hisar: उकलाना नगरपालिका में कांग्रेस समर्थित रीमा की जीत

हिसार: जिले की उकलाना नगरपालिका चेयरपर्सन के चुनाव में कांग्रेस समर्थित आजाद उम्मीदवार रीमा सोनी ने भारी मतों से जीत दर्ज की है। रीमा ने भाजपा उम्मीदवार एवं पूर्व चेयरमैन श्रीनिवास गोयल की पुत्रवधू को 2806 वोटों से शिकस्त दी। चुनाव अधिकारी एवं बरवाला के एसडीएम अश्वीर सिंह नैन ने रीमा को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।
उकलाना नगरपालिका चुनाव के लिए निर्धारित समयानुसार बुधवार सुबह मतगणना शुरू हुई। कुल चार राउंड में ही हार जीत का फैसला हो गया। भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल अपनी पुत्रवधू के साथ काउंटिंग सेंटर से दूसरे राउंड में ही बाहर आ गए। तीसरे राउंड खत्म होते ही रीमा समर्थकों ने जीत का जश्न मनाना शुरू कर दिया। काउंटिंग सेंटर के बाहर गुलाल उड़ने लगे। रीमा के पिता हरीश सोनी ने बाहर आकर भारी मतों से जीत का दावा किया।
इस चुनाव में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। भाजपा नेता श्रीनिवास गोयल के वार्डों व बूथों पर भी रीमा सोना को अच्छे खासे वोट मिले। चार राउंड की चली मतगणना में किसी भी राउंड में रीमा सोनी पीछे नहीं रही। रीमा ने एकतरफा यह मुकाबला जीत लिया। रीमा सोनी को कुल 7078 वोट मिले जबकि भाजपा की निकिता गोयल को 4272 वोट मिल पाए। करीब 2806 वोटों के अंतर से रीमा सोनी यह चुनाव जीत गई। रीमा की जीत के बाद क्षेत्र में जश्न का माहौल रहा। कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल, जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया व अन्य नेता मौके पर पहुंचे और रीमा सहित क्षेत्रवासियों को जीत की बधाई दी।





