Hisar: कमर्शियल और छोटू सिलेंडर महंगे, वजीर पूनिया ने की आलोचना

हिसार: वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह पूनिया ने कमर्शियल गैस सिलेंडर व पांच किलो वाले छोटू गैस सिलेंडर की कीमतों में की गई बेतहासा बढ़ोतरी को पूरी तरह से जनविरोधी बताया है। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों के चुनाव होते ही परिणाम आने से पहले ही कमर्शियल व छोटू गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी भरकम बढ़ोतरी से जनता पर अप्रत्यक्ष रूप से बोझ डाला गया है। उन्होंने कटाक्ष किया कि 70 साल में पहली बार कमर्शियल गैस सिलेंडर में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी हुई है और मजदूरों के नाम पर निकाले गए पांच किलो के छोटू गैस सिलेंडर की कीमतों में 261 रुपयेे की बढ़ोतरी करके सरकार ने मजदूरों को मजदूर दिवस का तोहफा दिया है, जो निंदनीय है।
कांग्रेस नेता वजीर सिंह पूनिया ने शुक्रवार काे कहा कि वर्ष 2014 के चुनाव से ही भाजपा 70 सालों का जिक्र करती आ रही है उसके ये 70 साल का जिक्र अब फलीभूत हुआ है। पहली बार देश की किसी सरकार के शासनकाल में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 993 रुपये की भारी भरकम बढ़ोतरी करके जनता पर महंगाई की मार डाली गई है। इन कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में हुई बढ़ोतरी का जनता पर अप्रत्यक्ष रूप से भार पड़ेगा। होटलों, ढ़ाबों, चाय की दुकानों व अन्य स्थानों पर जहां कमर्शियल गैस सिलेंडर प्रयोग होता है, वहां का सामान महंगा होना स्वाभाविक है। जब वो सामान महंगा होगा तो स्वाभाविक है, वह बोझ आम जनता पर अप्रत्यक्ष रूप से पड़ना ही है क्योंकि अब कमर्शियल सिलेंडर तीन हजार रुपये से ज्यादा का हो गया है।
वजीर सिंह पूनिया ने कहा कि फिलहाल घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें न बढ़ाकर जनता को खुश रखने का प्रयास किया गया है लेकिन जनता की यह खुशी ज्यादा दिनों तक रहने की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पहले ही चेताया दिया था कि अब पांच राज्योें में चुनाव हो गए हैं और जनता महंगाई झेलने के लिए तैयार रहे। उन्होंने पैट्रोल, डीजल व गैस के दाम बढ़ने की संभावना जताई थी। सरकार के इशारे पर कंपनियों ने कमर्शियल व छोेटू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं और अब रसोई गैस तथा पेट्राल व डीजल की बारी है। उन्होंने इस बढ़ोतरी की निंदा करते हुए इसे तुरंत वापिस लेने की मांग की।





