Hisar: हिसार में सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई, उप तहसील से दस्तावेज कब्जे में

हिसार: जिले के उकलाना उप तहसील कार्यालय में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) की टीम ने औचक छापेमारी की। टीम ने यह कार्रवाई क्षेत्र में रजिस्ट्रियों के नाम पर चल रहे बड़े खेल और अनियमितताओं की शिकायतों के आधार पर की है।
सीएम फ्लाइंग की अचानक हुई कार्रवाई से उप तहसील परिसर में मौजूद डीड राइटरों, कॉलोनाइजरों और जमीन कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई की अगुवाई कर रही सीएम फ्लाइंग की इंचार्ज सुनैना ने बताया कि उन्हें लंबे समय से उकलाना उप तहसील में रजिस्ट्रियों में धांधली और नियमों की अनदेखी कर काम किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी इनपुट के आधार पर सोमवार को टीम ने दबिश दी और रजिस्ट्रियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की।
छापेमारी के दौरान नायब तहसीलदार और रजिस्ट्री क्लर्क दोनों ही अवकाश पर मिले। मुख्य अधिकारियों की गैरमौजूदगी के कारण सोमवार को जांच पूरी नहीं हो सकी। टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रजिस्ट्रियों से संबंधित रिकॉर्ड अपने कब्जे में ले लिए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब मंगलवार को संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में रिकॉर्ड का मिलान कर आगे की जांच की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग प्रभारी सुनैना ने बताया कि उकलाना उप तहसील में रजिस्ट्रियों में अनियमितताओं की पुख्ता शिकायत मिली थी। मौके पर नायब तहसीलदार और रजिस्ट्री क्लर्क के छुट्टी पर होने के कारण जांच पूरी नहीं हो पाई है। कुछ रिकॉर्ड कब्जे में लिया गया है। अधिकारियों की मौजूदगी में रिकॉर्ड की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





