हरियाणा

Hisar: मसूदपुर में दलितों पर हमले का मामला, बसपा ने कार्रवाई की मांग की

Admindelhi1
11 Jun 2026 7:51 AM IST
Hisar: मसूदपुर में दलितों पर हमले का मामला, बसपा ने कार्रवाई की मांग की
x
हिसार में दलितों पर हमले के आरोप, राजनीतिक हलचल तेज

हिसार: हांसी क्षेत्र में गांव मसूदपुर में कुछ दलितों पर हुए हमले को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने कड़ी निंदा की है। पार्टी ने इस घटना को संविधान प्रदत्त अधिकारों पर हमला बताते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बसपा के जिला प्रवक्ता पवन बलराज सातरोड़ ने बुधवार को बताया कि अनुसूचित जाति समाज के लिए आरक्षित सरकारी कृषि भूमि की बोली प्रक्रिया को बाधित करने और समाज के लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करने का प्रयास किया गया।

उन्होंने कहा कि जब समाज के लोगों ने अपने कानूनी और संवैधानिक अधिकारों की बात की तो उन पर हमला कर दिया गया, जो बेहद निंदनीय और लोकतंत्र विरोधी है। इस घटना में घायल लोगों का उपचार हिसार के नागरिक अस्पताल में चल रहा है।

घायलों का हालचाल जानने के लिए बसपा का एक प्रतिनिधिमंडल भी अस्पताल पहुंचा। इसमें पवन बलराज सातरोड़, जितेंद्र मोटा, संदीप मिर्जापुर और मनीष तोदवाल शामिल रहे।

पवन बलराज सातरोड़ ने कहा कि सरकारी भूमि किसी भी दबंग या व्यक्ति विशेष की निजी संपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार पात्र लोगों को उनका अधिकार मिलना चाहिए और बहुजन समाज के अधिकारों को दबाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Next Story