Hisar: बृजलाल बहबलपुरिया ने संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने को कहा

हिसार: कांग्रेस जिला अध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया ने कहा कि बूथ स्तर पर एसआईआर अभियान को पूरी मजबूती के साथ चलाना होगा। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान कांग्रेस संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी तथा सतर्कता के साथ यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
शुक्रवार को बरवाला विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी भूपेंद्र सिंह गंगवा की ओर से वार्ड-6 स्थित रविदास धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए बृजलाल बहबलपुरिया ने 14 जून से चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की। उन्होंने बूथ स्तर पर अभियान को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करते हुए अभियान को सफल बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। बूथ स्तर पर सक्रियता ही संगठन की मजबूती का आधार है।
बैठक को संबोधित करते हुए एआईसीसी सदस्य राजेश संदलाना ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का निष्पक्ष और पारदर्शी पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है।
राजेश संदलाना ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से छूटने न दें और जनता के बीच रहकर अभियान को पूरी मजबूती से सफल बनाएं।





