हरियाणा

Hisar: बीकानेर रेल मंडल की बड़ी उपलब्धि, तीन दिन तक सभी ट्रेनें रहीं समयनिष्ठ

Admindelhi1
16 July 2026 8:54 PM IST
Hisar: बीकानेर रेल मंडल की बड़ी उपलब्धि, तीन दिन तक सभी ट्रेनें रहीं समयनिष्ठ
x
समयपालन में बीकानेर रेल मंडल अव्वल, तीन दिन का नया रिकॉर्ड

हिसार: उत्तर-पश्चिम रेलवे का बीकानेर रेल मंडल ट्रेनों की समयपालनता के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित करने में सफल रहा है। मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल के नेतृत्व और प्रभावी मॉनिटरिंग के चलते 13, 14 और 15 जुलाई को मंडल से संचालित सभी ट्रेनों का संचालन शत-प्रतिशत समयानुसार हुआ। लगातार तीन दिनों तक 100 प्रतिशत समयपालनता दर्ज होने को मंडल की परिचालन व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन का महत्वपूर्ण परिणाम माना जा रहा है।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने गुरुवार को बताया कि इस अवधि में मंडल से संचालित मेल-एक्सप्रेस, सुपरफास्ट, दुरंतो, गरीब रथ और वंदे भारत एक्सप्रेस सहित सभी निर्धारित श्रेणी की ट्रेनों ने तय समय पर अपने गंतव्य के लिए प्रस्थान और आगमन किया। यह उपलब्धि परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, विद्युत, यांत्रिक, वाणिज्य और सुरक्षा विभागों के बीच उत्कृष्ट समन्वय का परिणाम है।

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने इस उपलब्धि पर सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि समयपालनता रेलवे की कार्य संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध रेल सेवाएं उपलब्ध कराना मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक विभाग लगातार समन्वित रूप से कार्य कर रहा है, जिसका सकारात्मक परिणाम अब देखने को मिल रहा है।

उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी बीकानेर रेल मंडल इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा और समयपालनता के साथ-साथ यात्री सुविधाओं एवं रेल संचालन की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करेगा। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह उपलब्धि यात्रियों का भरोसा और अधिक मजबूत करने के साथ-साथ बीकानेर मंडल की कार्यकुशलता का भी उत्कृष्ट उदाहरण है।

Next Story