Hisar: बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने दलीप जाखड़ को किया सस्पेंड, मचा हड़कंप

हिसार: जिला बार एसोसिएशन के चुनाव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) ने रिटर्निंग अधिकारी एडवोकेट दलीप जाखड़ को निलंबित करते हुए चुनाव प्रक्रिया पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं, वहीं दूसरी ओर चुनाव अधिकारी ने 12 जून को निर्धारित चुनाव हर हाल में कराने का ऐलान कर दिया है। इस घटनाक्रम से हिसार बार में टकराव की स्थिति बन गई है।
बीसीआई ने हिसार के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को कोर्ट परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा न्यायिक कार्यों में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बार एसोसिएशन, एड-हॉक कमेटी, चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को चुनाव प्रचार, बैठक, मतदान और आम सभा जैसी गतिविधियों से दूर रहने को कहा गया है।
इसके बावजूद जिला बार एसोसिएशन चुनाव कराने के अपने निर्णय पर कायम है। चुनाव अधिकारी एडवोकेट दलीप जाखड़ ने बताया कि 12 जून को प्रस्तावित मतदान के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। मतदान केंद्रों और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है तथा मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर बार काउंसिल ऑफ इंडिया और बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा पहले ही हस्तक्षेप कर चुके हैं। बीसीआई के अंतरिम आदेश के बाद बार काउंसिल ऑफ पंजाब एंड हरियाणा ने भी चुनाव प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से स्थगित करने के निर्देश जारी किए थे। परिषद ने रिटर्निंग अधिकारी दलीप जाखड़ समेत छह सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को चुनाव कार्यक्रम रोकने का आदेश दिया था।
बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने 9 जून को जारी अपने अंतरिम आदेश में 12 जून को प्रस्तावित चुनाव और उससे जुड़ी सभी गतिविधियों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया था। साथ ही एडवोकेट दलीप जाखड़ को चुनाव प्रक्रिया से संबंधित किसी भी भूमिका में कार्य करने से रोक दिया गया था। हालांकि, इसके बावजूद 10 जून को जिला बार एसोसिएशन की ओर से चुनाव संबंधी नए निर्देश जारी कर दिए गए।
बीसीआई के आदेश और बार एसोसिएशन के रुख के बीच बने इस टकराव के चलते 12 जून को हिसार बार परिसर में स्थिति तनावपूर्ण रहने की आशंका जताई जा रही है।





