Hisar: किसानों और आढ़तियों की परेशानियों पर बजरंग गर्ग का बयान

हिसार: हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष व हरियाणा कांन्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने धान व बाजरे की सरकारी खरीद एमएसपी पर न होने पर चिंता प्रकट की है। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों से किसान व आढ़ती बर्बादी के कगार पर हैं। सरकारी अधिकारी नमी के नाम पर 1750 से 2100 रुपए प्रति क्विंटल धान की खरीद कर रहे हैं जबकि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने धान की खरीद 3100 रुपए प्रति क्विंटल करने का वादा किया था, लेकिन सरकार धान की खरीदी 3100 रुपए करना तो दूर की बात सरकार धान 2389 रुपए प्रति क्विंटल एमएसपी पर भी खरीद नहीं कर रही है, जिसके कारण किसानों में सरकार के प्रति बड़ा भारी रोष है।
बजरंग गर्ग शुक्रवार काे व्यापारी प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियों द्वारा धान खरीद में करोड़ों रुपए का घोटाला किया जा रहा है। इसी प्रकार बाजरा एमएसपी की दरों से 900 रुपए से 1400 रुपए प्रति क्विंटल कम दामों में बिक रहा है। धान व बाजरे की खरीद घोटाले की उच्चस्तरीय जांच करवा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इस अवसर पर अनाज मंडी एसोसिएशन के जिला प्रधान पवन गर्ग, अनाज मंडी प्रधान रामावतार गोयल, पूर्व प्रधान संजय गोयल, सचिव जगदीश गोदारा, हॉस्पिटल प्रधान अनिल जैन, मंदिर प्रधान अशोक कुमार, प्रदेश संगठन मंत्री राजेंद्र बंसल, प्रदेश सचिव निरंजन गोयल आदि प्रतिनिधि ने अपने विचार रखें।





