Hisar: ऑस्ट्रेलिया के सहयोग से विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद

हिसार: भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पूर्व स्वास्थ्य एवं नागरिक उड्डयन मंत्री डॉ. कमल गुप्ता ने आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
जनसुनवाई के दौरान गुरुवार को पवन कुमार सैनी, राज कुमार गुप्ता, सुरेंद्र धमीजा और पंकज दीवान ने अपनी समस्याएं रखीं। डॉ. गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर समस्याओं के निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, कृषि, हरित ऊर्जा, खेल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में ऑस्ट्रेलिया के साथ हुई साझेदारी से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इससे पूंजी निवेश और उद्योगों के विस्तार के साथ युवाओं के लिए वैश्विक रोजगार व कौशल विकास के अवसर बढ़ेंगे। विद्यार्थियों, किसानों, उद्यमियों और शोधकर्ताओं को भी इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार की विकासोन्मुख नीतियों से प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान और मजबूत कर रहा है।
इस अवसर पर सुरेश गोयल धूपवाला, कृष्ण बिश्नोई, लोकेश असीजा, दीपक अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह सैनी, उम्मेद खन्ना, बलबीर भूंबक, प्रवीण नारंग, अनिल गोदारा, सुनील सैनी, प्रोमिला पूनिया, धर्मेंद्र सिंह खटकड़, सुभाष जांगड़ा, जय भगवान और सतीश महत्ता आदि मौजूद रहे।





