Hisar: संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने की अपील

हिसार: भारतीय जनता पार्टी की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रथम हिसार आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा, जयघोष और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच उनका अभिनंदन किया गया। अग्रसेन भवन में आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने ‘राष्ट्र प्रथम’ के संकल्प को साकार करते हुए वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि आज भारत केवल अपनी उपस्थिति दर्ज कराने वाला देश नहीं, बल्कि विश्व को नई दिशा दिखाने वाला राष्ट्र बन चुका है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ को मजबूत करने पर ध्यान दे। उन्होंने कहा कि "बूथ जीता तो चुनाव जीता" की रणनीति को धरातल पर उतारना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और इसे इस मुकाम तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की नायब सिंह सैनी सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र पर कार्य कर रही हैं।
कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा ने डॉ. अर्चना गुप्ता का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त एवं गतिशील बनेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की मजबूती के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि हिसार में प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों में भारी उत्साह देखने को मिला, जो भाजपा के प्रति जनता के विश्वास का प्रतीक है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. आशा खेदड़ ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के प्रथम हिसार आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।
समारोह को विधायक सावित्री जिंदल, विधायक रणधीर पनिहार तथा हिसार के मेयर प्रवीण पोपली ने भी संबोधित किया और कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।





