Hisar: स्वाइन फ्लू की चपेट में आई बुजुर्ग महिला, हिसार में बढ़ी चिंता

हिसार: जिले में स्वाइन फ्लू (एच1एन1) संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। गुरुवार को एक और मामला सामने आने के बाद जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। लगातार बढ़ते मामलों के चलते हिसार में संक्रमण की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। वहीं, एक दिन पहले बुधवार को गांव बिठमड़ा निवासी 69 वर्षीय महिला की निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।
डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. सुभाष खतरेजा ने बताया कि हिसार के विद्युत नगर निवासी 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। उनका उपचार किया जा रहा है। इससे पहले बुधवार को दो साल के बच्चे और हांसी के एक डॉक्टर समेत छह नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई थी।
एच1एन1 इन्फ्लुएंजा वायरस का एक प्रकार है। इसके प्रमुख लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी शामिल हैं। संक्रमण गंभीर होने पर सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।
सिविल सर्जन डॉ. सपना गहलावत ने लोगों से अपील की कि बुखार के साथ लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण होने पर खुद से दवा न लें। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर समय रहते डॉक्टर से जांच और उपचार की सलाह लेनी चाहिए।





