हरियाणा

Hisar: परिजनों और टोल प्रबंधन के बीच समझौता, आगे बढ़ी कार्रवाई

Admindelhi1
25 Jun 2026 12:25 PM IST
Hisar: परिजनों और टोल प्रबंधन के बीच समझौता, आगे बढ़ी कार्रवाई
x
मृतक के परिवार की सहमति के बाद पोस्टमार्टम का रास्ता साफ

हिसार: बरवाला क्षेत्र के बाडो पट्टी टोल प्लाजा के शिफ्ट मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या के मामले में टोल प्रबंधन और मृतक के परिजनों के बीच चल रहा विवाद बुधवार शाम सहमति के बाद समाप्त हो गया। टोल कंपनी द्वारा मांगें मानने के बाद परिजनों ने संजय शुक्ला का पोस्टमार्टम करवाने की अनुमति दे दी।

परिजनों ने टोल प्रबंधन के समक्ष मृतक के परिवार को 20 लाख रुपये मुआवजा देने, पीएफ व अन्य देय भत्तों का भुगतान करने तथा मृतक की पत्नी को कंपनी में नौकरी देने सहित कई मांगें रखी थीं। इन मांगों को लेकर परिजन पिछले दो दिनों से पोस्टमार्टम के लिए सहमत नहीं हो रहे थे।

बुधवार शाम टोल प्रबंधन ने परिजनों की मांगों को स्वीकार करते हुए 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसमें 10 लाख रुपये तत्काल दिए जाएंगे, जबकि शेष 10 लाख रुपये किश्तों में दिए जाएंगे। इसके अलावा पीएफ और अन्य देय लाभ भी परिवार को उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया गया।

मांगों पर सहमति बनने के बाद परिजनों ने संजय शुक्ला के शव का पोस्टमार्टम करवाने की सहमति दे दी।

इससे पहले हत्या के बाद मृतक के परिजन न्याय और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर बाडो पट्टी टोल प्लाजा पहुंचे थे। बुधवार दोपहर करीब एक बजे टोल प्रबंधन के साथ हुई बैठक में परिजनों ने अपनी मांगें रखीं। इस दौरान बरवाला थाना प्रभारी दलबीर सिंह पूनिया भी मौजूद रहे और दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाई।

परिजनों ने मांग की थी कि संजय शुक्ला की पत्नी को कंपनी में नौकरी दी जाए, परिवार को 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिले, हत्या में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध करवाई जाए।

बैठक में मृतक के साले बृजेश, फूफा और अन्य परिजन मौजूद रहे। परिजनों ने कहा कि परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Next Story